रेणु परिवार ने टोल कर्मियों पर अभद्रता का लगाया आरोप, डीएम से कार्रवाई की मांग ..

0


अररिया। कथा शिल्पी फणीश्वर नाथ रेणु के परिवार के साथ टोल कर्मियों द्वारा कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना को लेकर परिवार ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।रेणु के छोटे पुत्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता दक्षिणेश्वर प्रसाद राय पप्पू ने बताया कि रविवार सुबह उनका परिवार निजी वाहन से पूर्णिया जा रहा था। इसी दौरान अररिया टोल प्लाजा पर स्थानीय नंबर की गाड़ी को रोक लिया गया।पप्पू के अनुसार, रेणु के मंझले पुत्र अपराजित राय अप्पू ने टोल कर्मी से कहा कि वाहन में पूर्व विधायक पद्मपराग राय वेणु के परिवार के सदस्य मौजूद हैं और एक बार विधायक जी से बात करा ली जाए। आरोप है कि इतना सुनते ही मौके पर मौजूद टोल कर्मी भड़क गया और कथित तौर पर कहा, “हम किसी विधायक से बात नहीं करेंगे।”परिवार का आरोप है कि इसके बाद एक अन्य कर्मी से कहा गया, “अरे कैमरा जूम करो रे, इन लोगों का वीडियो वायरल करेंगे।” घटना के समय वाहन में परिवार की महिलाएं भी मौजूद थीं, जिससे उन्हें मानसिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ा।

पप्पू ने अररिया के जिलाधिकारी से मामले की जांच कर संबंधित कर्मियों की पहचान करते हुए कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने स्थानीय नंबर वाली गाड़ियों को टोल मुक्त करने की भी मांग उठाई है।वहीं, टोल टैक्स के अकाउंटेंट अभय सिंह ने परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि अन्य वाहनों की तरह ही संबंधित गाड़ी को भी रोका गया था और उनसे मासिक पास बनवाने का अनुरोध किया गया था। उन्होंने कहा कि बाद में वाहन को जाने दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)