अररिया/नरपतगंज: अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत बथनाहा थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित निर्माणाधीन विद्यालय परिसर से एक विवाहिता का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में पत्नी की हत्या कर शव को जमीन में दफनाने की बात स्वीकार की है। मृतका की पहचान पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र स्थित बेगमपुर निवासी नुसरत परवीन (23) के रूप में हुई है। उसकी शादी महबूब आलम (26) से हुई थी। बताया जाता है कि आरोपी महबूब आलम श्यामनगर स्थित निर्माणाधीन डॉ. भीमराव अंबेडकर एससी-एसटी आवासीय प्लस-टू विद्यालय परिसर में मजदूरी का काम करता था। जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता मतीरहमान ने 13 मई को पूर्णिया थाना में अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर पति महबूब आलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने पत्नी की हत्या कर शव को बोरे में बंद कर विद्यालय परिसर में जमीन खोदकर दफना दिया था। इसके बाद रविवार को पूर्णिया पुलिस आरोपी को साथ लेकर बथनाहा पहुंची। इस दौरान फारबिसगंज डीएसपी राज किशोर कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। आरोपी की निशानदेही पर निर्माणाधीन विद्यालय परिसर में खुदाई कराई गई, जहां से सड़ी-गली अवस्था में बोरे में बंद महिला का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से मिट्टी समेत अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पत्नी की हत्या कर शव विद्यालय परिसर में दफनाया, पति गिरफ्तार ..
मई 17, 2026
0
