फारबिसगंज। आनंद विहार-जोगबनी सीमांचल एक्सप्रेस (12488) में पैंट्री कार कर्मचारियों द्वारा एक अधिवक्ता दंपती और उनके परिजनों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। ढोलबज्जा निवासी अधिवक्ता अबू शमा एवं उनकी पत्नी नुसरत प्रवीण ने आरोप लगाया कि जनरल बोगी में पैंट्री कर्मी अवैध रूप से कब्जा जमाकर यात्रियों से पैसे लेकर सीट दे रहे थे। सीट मांगने पर कहासुनी हुई और कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे अबू शमा घायल हो गए। महिला यात्री ने मोबाइल और चेन छीनने का भी आरोप लगाया है।
फारबिसगंज स्टेशन पर पीड़िता के दो भाइयों के पहुंचने पर कथित रूप से उन्हें भी ट्रेन में खींचकर पीटा गया। घटना के विरोध में यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। सूचना पर डीएसपी, जीआरपी, आरपीएफ और थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा छह पैंट्री कार कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। मामले की जांच और पूछताछ जारी है।

