अररिया। आरएस थाना क्षेत्र के प्रेमनगर वार्ड संख्या-16 में 18 वर्षीय विवाहिता शाज़दा परवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शाज़दा परवीन, पति अबू नसर, के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शाज़दा की मां शाहिस्ता परवीन और उसके पति अबू नसर ने मिलकर उसकी हत्या की है। ग्रामीणों के अनुसार, शाज़दा की शादी करीब डेढ़ माह पूर्व उसकी मां ने अबू नसर से करवाई थी। शादी के बाद युवती अपनी मां और पति के कथित अवैध संबंधों का विरोध करती थी, जिससे विवाद बढ़ता गया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई की, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के दौरान प्रताड़ना और मारपीट की बात सामने आई है। मृतका के गले, हाथ और पैरों पर चोट के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतका की मां और पति को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
