फारबिसगंज में युवक से रंगदारी मांगने का आरोप, विरोध पर चाकू से हमला ..

0

 फारबिसगंज। थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक ने थाना में आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार, किरकिचिया पंचायत के कठहारा निवासी विनोद चौहान शनिवार दोपहर बोलेबज्जा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोयली टोला वार्ड संख्या-09 स्थित कलवर्ट के समीप ग्लैमर बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। पीड़ित विनोद चौहान का आरोप है कि विजय मंडल उर्फ बुच्चू मंडल और उसके साथ मौजूद एक अज्ञात युवक ने उनसे पांच हजार रुपये रंगदारी की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि अज्ञात युवक ने उनके दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि विजय मंडल ने धारदार चाकू से उनके सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में विनोद चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी जेब में रखे 15 हजार रुपये भी छीन लिए। बताया गया कि उक्त राशि किराना दुकान के सामान खरीदने के लिए रखी गई थी। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल फारबिसगंज में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)