(अररिया) नरपतगंज थाना क्षेत्र के चकरदाहा स्थित न्यू आरटी ज्वेलर्स में मंगलवार देर रात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात की चोरी कर इलाके में सनसनी फैला दी। बुधवार सुबह गांव के एक शिक्षक ने दुकान संचालक रोक्की कुमार को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान का ताला टूटा मिला, जबकि ज्वेलरी रखने वाला बक्सा पास के एक स्कूल परिसर में पड़ा था। बक्से में रखे सभी जेवर गायब थे।
दुकानदार रोक्की कुमार ने बताया कि करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी हुए हैं। इनमें अधिकांश गहने ग्राहकों द्वारा बनवाने और मरम्मत के लिए दिए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजकिशोर कुमार, नरपतगंज थाना प्रभारी संजय कुमार एवं बथनाहा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसटीएफएल टीम व एसएसबी 56वीं बटालियन के डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल पर जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

