अररिया में परीक्षा देने आए छात्रों पर गिरा लॉज का पोर्टिको, 18 घायल, 3 की हालत गंभीर ..

0

अररिया शहर में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब परीक्षा देने आए छात्रों के ठहरने वाले एक निजी लॉज का जर्जर पोर्टिको अचानक ढह गया। इस हादसे में 18 से अधिक छात्र घायल हो गए, जबकि तीन छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, किशनगंज राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र परीक्षा देने अररिया पॉलिटेक्निक कॉलेज आए थे। छात्र नगर थाना क्षेत्र के हनुमान चौक स्थित एक निजी लॉज में ठहरे हुए थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे कुछ छात्र पोर्टिको की छत पर बैठे थे और कई छात्र नीचे मौजूद थे। इसी दौरान पुरानी और कमजोर छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और नगर थाना पुलिस ने राहत कार्य चलाकर सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश छात्र खतरे से बाहर हैं, लेकिन तीन छात्रों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में लॉज की इमारत काफी जर्जर पाई गई है। पुलिस लॉज मालिक की लापरवाही और भवन सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने शहर के पुराने भवनों की जांच कराने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)