फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार ..

0

 

 अररिया पुलिस ने कुर्साकांटा थाना क्षेत्र में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाड़ी टोला वार्ड संख्या-05 स्थित मोहम्मद आरिफ के घर में अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसडीपीओ सुशील कुमार के निर्देशन में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां से एक लैपटॉप, प्रिंटर, आई-स्कैनर मशीन, आधार अपडेट स्लिप सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद आबिद को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह फर्जी आधार कार्ड बनाकर बैंक लोन लेने, सरकारी योजनाओं में धोखाधड़ी करने तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में इनका इस्तेमाल करता था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)