बेटी की शादी के छह दिन बाद वज्रपात से पिता की मौत, परिवार में पसरा मातम ..

0

 

(अररिया) जिले के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र से शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना नरपतगंज के पलासी वार्ड संख्या-2 की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 59 वर्षीय शंकर पासवान के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंकर पासवान शुक्रवार दोपहर अपने घर में खाना बनाने के लिए जलावन (लकड़ी) इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज के साथ वज्रपात हो गया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से शंकर पासवान गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। बताया जा रहा है कि महज छह दिन पहले ही उनकी बेटी की शादी हुई थी। घर में जहां कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहीं अब मातम का माहौल पसरा हुआ है। बेटी अभी अपने ससुराल में ही है और पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और तीन बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इधर, सूचना मिलते ही नरपतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)