अररिया जिले के झमटा गांव स्थित परमान नदी पर बने पुल में आई खराबी की जांच के लिए सोमवार को पटना और पूर्णिया से इंजीनियरों की विशेष टीम पहुंची। टीम ने वैज्ञानिक तकनीक के माध्यम से पुल के स्लैब और रेलिंग की स्थिति का निरीक्षण किया।जांच टीम में ब्रिज एक्सपर्ट अरुण मिश्रा, चीफ इंजीनियर दीप नारायण प्रसाद तथा पूर्णिया के अधीक्षण अभियंता रविन्द्र कुमार सिंह शामिल रहे।बताया जा रहा है कि ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा करीब चार वर्ष पूर्व 7 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण कराया गया था। पुल निर्माण का कार्य प्रकाश कंस्ट्रक्शन द्वारा किया गया था। हाल ही में पुल का स्लैब धंसने और रेलिंग में दरार आने के बाद इलाके में चिंता का माहौल है।
जांच के दौरान इंजीनियरों की टीम ने पुल के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया और तकनीकी परीक्षण किए। हालांकि चीफ इंजीनियर ने मीडिया से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया, लेकिन अधीक्षण अभियंता रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के बाद आवश्यकता पड़ने पर उच्च स्तरीय जांच टीम का भी गठन किया जा सकता है। फिलहाल विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही पुल की स्थिति और आगे की कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।

