अररिया जिले के फारबिसगंज थाना परिसर में रविवार को बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फारबिसगंज एसडीओ ने की। इसमें डीएसपी, मुख्य पार्षद, थानाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा शहर के कई प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में बकरीद मनाने की अपील की। प्रशासन की ओर से कहा गया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। ईदगाहों और विभिन्न मस्जिदों के आसपास महिला पुलिस बल सहित अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।

अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। डीएसपी ने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और प्रशासन को आम जनता के सहयोग की अपेक्षा है।
