फारबिसगंज थाना क्षेत्र के सैफगंज स्थित मेटल स्केप ट्रेडर्स परिसर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब फैक्ट्री की देखरेख करने वाले विनय ठाकुर का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार मेटल स्केप ट्रेडर्स के संचालक कार्तिक कुमार हैं। मृतक विनय ठाकुर उनके छोटे भाई थे और मूल रूप से कटिहार जिले के निवासी थे। वे सैफगंज स्थित फैक्ट्री परिसर में रहकर उसके संचालन और देखरेख का कार्य करते थे।
बताया जाता है कि शनिवार सुबह फैक्ट्री का एक कर्मचारी परिसर के अंदर पहुंचा तो उसने विनय ठाकुर को फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगने का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

