आम्हारा पंचायत के वार्ड संख्या 13 में सड़क और नाला निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर पंचायत के मुखिया के खिलाफ जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हल्की बारिश होते ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द सड़क और नाला निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।वहीं, पंचायत के मुखिया ने बताया कि पंचायत सचिवों की हड़ताल के कारण विकास कार्य प्रभावित हैं। हड़ताल समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया है।

