फारबिसगंज में दर्दनाक हादसा! तेज रफ्तार स्कूल वैन ने ली महिला की जान ..

0

 

 फारबिसगंज शहर के श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कूल वैन की चपेट में आने से भागकोहलिया वार्ड संख्या-8 निवासी जुबेदा खातून की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल वैन बच्चों को छोड़कर वापस लौट रही थी। वाहन काफी तेज गति में था। मंदिर के पास मोड़ पर चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और वैन सीधे मंदिर की दीवार से टकरा गई। इसी दौरान वहां मौजूद जुबेदा खातून वाहन की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।


घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए तथा मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने स्कूल वैन में तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलने पर फारबिसगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहन को जब्त कर थाना ले गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक मनोज विश्वास भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए निजी स्कूल वाहनों के संचालन की जांच और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की। वहीं विद्यालय संचालक एवं समाजसेवी कार्तिक सिंह ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने की घोषणा की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)